मथुरा-वृंदावन में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए नगर निगम पीडब्ल्यूडी के साथ बना रहा है योजना, जलभराव होने पर होगी कड़ी कार्यवाही
दो माह के लिए चल रहे विशेष सफाई अभियान को प्रभावी बनाया जाए
चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग और लगेंगे दिशा सूचक बोर्ड
सुगम यातायात के लिये लेफ्ट फ्री ट्रैफिक हेतु लगाए जाएंगे बोलार्ड
मथुरा। बड़े-बड़े शहरों की तरह मथुरा में भी ट्रैफिक नियमों को प्रभावी बनाने के लिए कार्य प्रारंभ हो गया है। बहुत जल्दी ही नगर निगम लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर सभी सड़कों पर जेबरा क्रॉसिंग और मार्किंग कराएंगे। इसके अलावा बाहर से आने वाले यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधार्थ दिशा सूचक बोर्ड भी जगह जगह लगाने की प्लानिंग है। वही किसी भी स्थान पर जल भराव न हो उसके लिए जल निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दो माह के लिए चल रहे विशेष सफाई अभियान को और प्रभावी बनाने पर मंथन हुआ।
इस संबंध में आज एक बैठक मथुरा वृंदावन नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट सभागार में की जिसमें लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिकारियों ने भी भाग लिया। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त श्री झा ने लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता एवं नगर निगम के मुख्य अभियंता के साथ सड़कों के अनुरूप लेन पेन्टिंग तथा स्टैण्डर्ड बोर्ड लगाये जाने पर विस्तृत चर्चा की। इसके अतिरिक्त सभी मार्गों पर चौराहों पर जेबरा क्रासिंग बनाये जाने तथा मार्किंग कराये जाने के साथ लोगों की सुविधार्थ दिशा सूचक बोर्ड लगाये जाने के आदेश किए ।
नगर आयुक्त ने सुगम यातायात के लिये लेफ्ट फ्री ट्रैफिक हेतु बोलार्ड लगाये जाने पर चर्चा की । चर्चा के उपरान्त तय हुआ कि पांच तिराहों एवं चौराहों पर बोलार्ड लगाये जायेंगे । जल निगम के कार्यो की समीक्षा के दौरान जल भराव के सम्बन्ध में नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी हालत में कही भी सीवर ओवर फ्लो न होने पाये। जल भराव के निस्तारण हेतु स्थायी समाधान कराया जाये। साथ ही निर्देशित किया गया कि स्थायी समाधान होने तक आवश्यकतानुसार पम्प लगाकर जल निकासी करायी जाये। 15 अप्रैल से 15 जून तक चलने वाले 60 दिवसीय विशेष सफाई अभियान पर नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गयी। नगर आयुक्त ने विभिन्न मार्ग का सौन्दर्यीकरण, चौराहों का सौन्दर्यीकरण, पार्क का सौन्दर्यीकरण, अण्डरपास का सौन्दर्यीकरण, वैडिंग जोन, ढकेल व पटरी दुकानदारों को सुव्यवस्थित करने आदि के सम्बन्ध में कार्य योजना आगामी चार दिन में प्रस्तुत करने को कहा है ।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी सहायक नगर आयुक्त डी.के. सिंह राजकुमार मित्तल लेखाधिकारी डा गीता कुमारी राजवीर सिंह मुख्य अभियंता सिविल शिवकुमार गौतम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रवीण माहेश्वरी परियोजना अभियंता जल निगम के.पी. सिंह परियोजना अभियंता जल निगम जे.पी. सिंह परियोजना अभियंता जल निगम ग्रामीण आगरा राधेश्याम अधिशासी अभियंता जल सुरेन्द्र सिंह क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी योगेश कुमार मुख्य सफाई निरीक्षक उम्मेद सिंह कर अधीक्षक अनिल रंजन सहायक अभियंता प्रकाश नन्दकिशोर सहायक अभियंता जल शशांक सहायक अभियंता सिविल पवन यादव सहायक अभियंता सिविल कुंवरपाल अवर अभियंता जल छत्रपाल अवर अभियंता जल आदि उपस्थित रहे।