मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह 25 को : बी.एस.ए. इंजीनियरिंग कॉलेज में 37 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

मथुरा। प्रदेश भर के साथ जनपद में भी 25 नव. को होने जा रहे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस क्रम में नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा बी.एस.ए. इंजीनियरिंग कॉलेज आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान नगर आयुक्त श्री झा ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत 25 जोड़े (हिन्दू व मुस्लिम) अपने रीति रिवाज के अनुसार परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके अलावा मथुरा ब्लाक द्वारा 12 जोड़ो का विवाह कराया जायेगा। प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रु व्यय होंगे जिसमे 35 हजार रु नकद 10 हजार रु के उपहार शेष 6 हजार व्यवस्था में ख़र्च होंगे।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दृष्टिगत नगर निगम द्वारा विवाह सम्बन्धी समस्त व्यवस्थाएं करायी जा रही है । निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा विवाह हेतु मण्डप व आगन्तुकों के बैठने हेतु स्थल निर्धारित किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, महाप्रबंधक जल, अधिशासी अभियंता सिविल आदि अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त लवकुश गुप्ता नोडल प्रभारी अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम अधिशासी अभियंता जल राधेश्याम अधिशासी अभियंता एस पी मिश्रा राजस्व निरीक्षक यादवेन्द्र आदि नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।