यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे 100 बेड के हॉस्पिटल

अगले छह माह में 10,000 पैरामेडिकल स्टाफ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 20,000 पदों पर नियुक्ति की जाए
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलान किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक सौ शैय्या अस्पताल निर्माण किया जायेगा । पांच वर्षों के लिए तय चरणवार लक्ष्यों में हर जिले में फ्री डायलिसिस सुविधा और प्रत्येक जिले में जिला अस्पताल के अलावा एक फर्स्ट रेफरल यूनिट की व्यवस्था भी शामिल की गई है।
योगी मंत्रिमंडल के समक्ष मंगलवार को एनेक्सी भवन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेक्टर की चरणबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। इस सेक्टर में शामिल चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, आयुष, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपनी योजनाएं प्रस्तावित कीं।
बिंदुवार समीक्षा के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के क्षेत्र में प्रदेश में अभूतपूर्व काम हुआ है। नियोजित प्रयासों से एनएचआरएम और एनआरएचएम जैसी योजनाओं को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया गया है। भ्रष्टाचार की हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कठोरतम कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने लक्ष्य तय करते हुए कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में 100 शैय्या के अस्पताल की उपलब्धता कराई जाए। विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध रूप से इसे पूरा कराएं। जिस तरह पिछले पांच वर्षों में 5000 स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थापना की गई उसी तरह अगले पांच वर्ष में दस हजार नए उपकेंद्र बनाने हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि हर जिले में निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराएं। डायलिसिस, सिटी स्कैन, न्यू बार्न स्टेबिलाइजेशन यूनिट, स्पेशल न्यू बार्न केयर यूनिट की संख्या में बढ़ोतरी की जरूरत है। अगले दो वर्ष में सभी जिलों में यह चिकित्सा सेवाएं पहुंच जाएं। प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 100 शैय्या अस्पताल जैसी एक फर्स्ट रेफरल यूनिट होनी चाहिए। हर जिले में ड्रग हाउस की भी व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए डाक्टरों और नर्सों की पर्याप्त तैनाती होनी चाहिए। डाक्टर-नर्स का अनुपात 1-1 हो। आवश्यकता के अनुसार पद सृजित कर योग्य प्रोफेशनल का चयन किया जाए। पैरामेडिकल स्टाफ स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। अगले छह माह में 10,000 पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति करें। नियुक्ति प्रक्रिया उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से कराई जाएगी। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 20,000 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी अगले छह माह में पूरी कराने के लिए कहा है।
राज्य कर्मचारी और पेंशनरों को मिलेगा कैशलेस इलाज :
योगी सरकार ने अगले सौ दिन के लक्ष्य में रखा है कि सभी राज्य कर्मचारी और पेंशनरों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। वहीं, सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य सखियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाया जाएगा।