वृंदावन पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा: संत प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात, बांके बिहारी के चरणों में ली शांति

​वृंदावन। मथुरा-वृंदावन की पावन धरा पर सोमवार को बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा का आध्यात्मिक रंग देखने को मिला। अपनी यात्रा के दौरान अभिनेता ने सबसे पहले प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से उनके केली कुंज आश्रम में एकांतिक भेंट की। इसके बाद उन्होंने बांके बिहारी मंदिर पहुँचकर ठाकुर जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

​सोमवार की सुबह अभिनेता गोविंदा सीधे रमण रेती स्थित केली कुंज आश्रम पहुँचे। यहाँ उन्होंने पूज्य संत प्रेमानंद महाराज से करीब आधे घंटे तक आध्यात्मिक चर्चा की। संत प्रेमानंद महाराज से मिलने वाले फिल्मी सितारों की फेहरिस्त में अब गोविंदा का नाम भी शामिल हो गया है। इस मुलाकात के बाद गोविंदा काफी भावविभोर नजर आए।

​संत से भेंट के बाद गोविंदा बांके बिहारी मंदिर पहुँचे। वहाँ सेवायत गोपी गोस्वामी के सानिध्य में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर में उन्होंने ‘फूल बंगला’ के दर्शन किए और भगवान का आशीर्वाद लिया।
​ इस दौरान उन्होंने प्रसाद और अंग वस्त्र ग्रहण किए। अभिनेता मंदिर की व्यवस्थाओं और पूजा विधि से बेहद प्रसन्न दिखे।

​दर्शनों के बाद अभिनेता गोविंदा ने संक्षिप्त बातचीत में कहा कि यहाँ की शांति और आध्यात्मिकता का अनुभव अद्भुत है। मीडिया से दूरी बनाए रखने के बावजूद उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि, “इस मुलाकात और दर्शन से उन्हें मन की असीम शांति मिली है।”
​ गोविंदा अक्सर अपनी आध्यात्मिक यात्राओं के लिए जाने जाते हैं। वृंदावन में बिताए इस समय ने उनके आध्यात्मिक जुड़ाव को एक बार फिर से सुर्खियों में ला दिया है।