मित्तल परिवार की पुण्य स्मृति में 15वां सेवा शिविर, जरूरतमंदों को मिली नई रोशनी

983 मरीजों का परीक्षण, 101 के सफल ऑपरेशन—निःशुल्क नेत्र शिविर का भव्य समापन

मथुरा। स्व. जगदीश कुमार मित्तल एवं श्रीमती सुमन मित्तल की पुण्य स्मृति में सेठ कन्हैयालाल धार्मिक ट्रस्ट के सौजन्य से कल्याणं करोति नेत्र संस्थान गोवर्धन रोड पर आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश जी के समक्ष धनेश मित्तल एवं परिवारजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रबंध ट्रस्टी धनेश मित्तल ने बताया कि यह शिविर उनके माता-पिता की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और इस वर्ष यह 15वां आयोजन रहा। उन्होंने कहा कि संस्था के साथ मिलकर वर्षों से नेत्र रोगियों की सेवा की जा रही है और यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
शिविर की विशेषता यह रही कि इसमें दूर-दराज क्षेत्रों से आए कुल 983 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 101 मरीजों के सफल ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किए गए। सभी रोगियों को दवाइयां, चश्मे, भोजन, पलंग-बिस्तर सहित सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
संस्थान के निदेशक (ऑपरेशन) शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने बताया कि नेत्र चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए भी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही भविष्य में नेत्र शिक्षा एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण अपनी दृष्टि से वंचित न रहे।
इस अवसर पर श्रुति मित्तल ने अपने दादा-दादी को स्मरण करते हुए सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन निरूपम भार्गव ने किया।
कार्यक्रम में राजेश मित्तल, नीता मित्तल, संदेश मित्तल, मुकेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर ने सैकड़ों जरूरतमंदों को न केवल उपचार दिया बल्कि उनके जीवन में नई रोशनी भी लाई।