मथुरा। वैश्विक महामारी कोरोना से मृत व्यक्तियों की आत्मा शांति सोमवार को श्रीमद्भागवत कथा आयोजन समिति द्वारा भोलेनाथ का रुद्र महाभिषेक अनुष्ठान युवा विद्वानों द्वारा लालागंज भरतपुर स्थित प्राचीन जागेंद्रनाथ महादेव मंदिर पर किया गया। सर्वप्रथम अनुष्ठान का संकल्प लेकर गणेश, नवग्रह, एवं शिव परिवार का विधिवत पूजन मंदिर महंत दीपक शास्त्री व समिति संस्थापक पंडित अमित भारद्वाज के निर्देशन मे अनुष्ठान प्रमुख आचार्य विजयकृष्ण शास्त्री व आचार्य आलोक बैंकर के संयुक्त आचार्यत्व में संपन्न हुआ। कुशोदक जल व गंगाजल से रुद्री पाठ के साथ रुद्र महाभिषेक समिति अध्यक्ष पं.शशांक पाठक महामंत्री आचार्य सुमंत कृष्ण शास्त्री पं. गिरीश वशिष्ठ नंद किशोर शास्त्री ने कर प्रभु भोलेनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति की याचना की।
इस अवसर पर अध्यक्ष पं शशांक पाठक ने बताया कि समिति गरीब मृतकों का दाह संस्कार से लेकर उनके त्रियोदशी संस्कार तक सभी क्रियाएँ नि:शुल्क करा रही है। संस्थापक पं. अमित भारद्वाज ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य लोगों की शांति के लिए है जिनके शवों को नदियों में बहा दिया गया, पेट्रोल आदि डाल कर जलाया गया या परिस्थितिवश उनका संस्कार विधिवत न हुआ हो उनकी आत्म शांति के लिए है। इस अवसर पर विद्वानों द्वारा महामृत्युंजय का जप भी कराया गया।