उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच विपक्ष भाजपा को चुनौती देने के बजाय अपनी राजनीतिक हैसियत और सीटों के बंटवारे में उलझा नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों भाजपा को सत्ता से हटाने का दावा तो कर रही हैं, लेकिन गठबंधन की बुनियाद ही आपसी अविश्वास से कमजोर होती दिख रही है। सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव और कांग्रेस की 120 से 130 सीटों की दावेदारी दोनों दलों के बीच बड़े फासले को उजागर करती है। सवाल यह है कि जो दल अभी आपस में भरोसा कायम नहीं कर पा रहे, वे जनता का विश्वास कैसे जीतेंगे?
कांग्रेस का 2022 का कमजोर विधानसभा प्रदर्शन उसकी दावेदारी पर सवाल खड़े करता है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में छह सीटों की जीत और बढ़े मत प्रतिशत को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी तरह सपा की बड़ी चुनावी सफलता उसे गठबंधन में एकतरफा फैसले लेने का अधिकार नहीं देती। पांच प्रत्याशियों की घोषणा और इमरान मसूद की नाराजगी ने साफ कर दिया है कि सीटों का विवाद अब सम्मान और राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई बनता जा रहा है। सहयोगी दलों को सार्वजनिक रूप से छोटा दिखाने की राजनीति गठबंधन को मजबूत नहीं, कमजोर ही करेगी। सपा का पीडीए फार्मूला और कांग्रेस की राजनीतिक महत्वाकांक्षा तभी प्रभावी हो सकती है, जब दोनों दल जमीन पर संगठन, सामाजिक समीकरण और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल कायम करें। मुस्लिम, पिछड़े और दलित मतदाताओं को केवल चुनावी गणित का हिस्सा बनाने के बजाय उनकी सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और सम्मान जैसे सवालों पर ठोस भरोसा देना होगा। संविधान दिवस पर प्रस्तावित पीडीए प्रणपत्र भी तभी सार्थक होगा, जब मुफ्त बिजली, पेंशन, इलाज और आर्थिक सहायता जैसे वादों के साथ उनके वित्तीय इंतजाम का स्पष्ट खाका सामने आए।
विपक्ष को 2017 के चुनाव से भी सबक लेना चाहिए, जब गठबंधन के बावजूद सपा और कांग्रेस भाजपा को रोकने में नाकाम रहे थे। चुनाव में केवल सीटों का जोड़ जीत की गारंटी नहीं होता। मतों का हस्तांतरण, मजबूत उम्मीदवार और बूथ स्तर का तालमेल भी उतना ही जरूरी है। भाजपा विपक्ष की इसी खींचतान का लाभ उठाने की कोशिश करेगी। ऐसे में अखिलेश यादव को समझना होगा कि गठबंधन साझेदारी से चलता है, दबाव से नहीं। कांग्रेस को भी अपनी वास्तविक चुनावी ताकत का आकलन करना होगा। 2027 की लड़ाई जीतनी है तो दोनों दलों को अहंकार और राजनीतिक सौदेबाजी से ऊपर उठकर सम्मानजनक समझौता करना होगा। अन्यथा भाजपा से मुकाबले की तैयारी करने वाला विपक्ष चुनाव से पहले ही अपनी हार की जमीन तैयार कर देगा।