प्राकृतिक आपदा से बचाव

प्रकृति का बदलता मिजाज मानव के लिए हमेशा चुनौती रहा है। कभी भीषण गर्मी, कभी बेमौसम बारिश और कभी अचानक आने वाले चक्रवाती तूफान यह याद दिलाते हैं कि आधुनिक विज्ञान और तकनीक के विकास के बावजूद मनुष्य आज भी प्रकृति की ताकत के सामने असहाय हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में तीन सप्ताह के भीतर तीसरे चक्रवाती तूफान की आशंका इसी खतरे का संकेत है। करीब 13 साल बाद कम समय में लगातार ऐसी चक्रवाती गतिविधियों का उभरना मौसम के बदलते स्वरूप और उससे निपटने की तैयारियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत बताता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ कम दबाव का क्षेत्र तेजी से शक्तिशाली होकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। यदि ऐसा होता है तो इसे अकवान नाम दिया जा सकता है। हालांकि तूफान की दिशा और तट से टकराने के स्थान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे तटीय राज्यों में सतर्कता बढ़ाना जरूरी है। वर्ष 2013 में भी बंगाल की खाड़ी में कुछ ही समय के भीतर कई चक्रवाती तूफानों ने दस्तक दी थी। अब एक बार फिर वैसी ही परिस्थितियों की आशंका मौसम वैज्ञानिकों के लिए चिंता का विषय है।

चक्रवाती तूफान केवल तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश तक सीमित प्राकृतिक घटना नहीं होते, बल्कि अपने पीछे तबाही का बड़ा मंजर छोड़ सकते हैं। समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरें तटीय बस्तियों को डुबो सकती हैं, खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो सकती हैं और सड़क, बिजली तथा संचार व्यवस्था ठप पड़ सकती है। सबसे अधिक नुकसान गरीब परिवारों, मछुआरों, किसानों और छोटे कारोबारियों को उठाना पड़ता है। ऐसे में तूफान की चेतावनी को महज मौसम का समाचार समझकर नजरअंदाज करना बड़ी भूल होगी। प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने में सरकार और प्रशासन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। ओडिशा सरकार द्वारा जिलों को सतर्क करना एक जरूरी कदम है, लेकिन केवल चेतावनी जारी कर देना पर्याप्त नहीं है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था, खाद्य सामग्री और दवाइयों का पर्याप्त भंडारण तथा बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखना भी उतना ही आवश्यक है। विशेष रूप से समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों तक समय रहते चेतावनी पहुंचनी चाहिए। प्रशासन की थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल के बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। इसके साथ ही नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। आपदा के समय केवल सरकार पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। घरों को सुरक्षित रखना, जरूरी सामान और दवाइयां पहले से जुटाना, मोबाइल फोन चार्ज रखना तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। तूफान के दौरान घरों में सुरक्षित रहना, समुद्र और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहना तथा अफवाहों के बजाय आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करना चाहिए। प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश मिलने पर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

आज भारत के पास मौसम की निगरानी के लिए आधुनिक उपग्रह, रडार और उन्नत पूर्वानुमान तकनीक उपलब्ध हैं। इसके बावजूद प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता। असली सवाल यह है कि समय रहते मिली चेतावनी को जमीन पर कितनी गंभीरता से लागू किया जाता है। अक्सर आपदा के बाद नुकसान का आकलन, मुआवजे की घोषणा और राहत कार्यों की चर्चा होती है, जबकि जरूरत इस बात की है कि आपदा आने से पहले ही ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे नुकसान की आशंका न्यूनतम रहे।
बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान हमारे लिए एक बार फिर चेतावनी है कि प्रकृति से मुकाबला करने के बजाय उसके संकेतों को समझना और उसके अनुरूप तैयारी करना जरूरी है। सरकार की मुस्तैदी, प्रशासन की जवाबदेही और नागरिकों की जागरूकता मिलकर ही किसी भी प्राकृतिक आपदा के प्रभाव को कम कर सकती है। तूफान को आने से रोकना मनुष्य के हाथ में नहीं है, लेकिन उसके कारण होने वाली तबाही को काफी हद तक रोका जा सकता है। आपदा के बाद अफसोस जताने से बेहतर है कि आपदा से पहले तैयारी की जाए, क्योंकि संकट के समय सतर्कता ही जीवन बचाने का सबसे बड़ा हथियार है।