कंस वध मेले में कृष्ण विरोधियों का भी कंस की तरह पुतला कूटने की उठेगी आवाज : महेश पाठक
17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव का होगा आयोजन, भजन संध्या और कंस वध मेला सहित होंगे विविध कार्यक्रम
मथुरा। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद एवं अखिल भारतीय चतुर्वेदी पुरोहित महासभा के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव (कंस वध मेला) का आयोजन धूमधाम और भव्यता के साथ किया जाएगा। आयोजन की जानकारी देने के लिए समाजवाड़ी में आयोजित प्रेसवार्ता में परिषद के मुख्य संरक्षक महेश पाठक ने कहा कि यह महोत्सव भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है।
महेश पाठक ने कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचारी कंस का वध कर धर्म की स्थापना की थी उसी भावना के अनुरूप भगवान श्रीकृष्ण का विरोध करने वालों के खिलाफ भी इस मेले में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की राय लेकर ऐसे लोगों के प्रतीकात्मक पुतले बनाकर कंस की तरह कूटने का कार्यक्रम भी किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि चार दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत 17 नवंबर को गोपाष्टमी 18 नवंबर को भजन संध्या 19 नवंबर को परंपरागत कंस वध मेला तथा 20 नवंबर को भाग्य दीपदान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
परिषद के अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पूरी टीम को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाएंगे।
प्रेसवार्ता में संरक्षक नवीन नागर गिरधारी लाल पाठक राकेश तिवारी एडवोकेट उपाध्यक्ष योगेंद्र चतुर्वेदी कमल चतुर्वेदी आशीष चतुर्वेदी सीए श्रीकांत चतुर्वेदी दुबई मुंबई शाखा के उपाध्यक्ष दिलीप चतुर्वेदी शशिकांत सीपु और अमन सरदार सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन महामंत्री संजय चतुर्वेदी ऐल्पाइन ने किया। इस अवसर पर मंत्री संजय चतुर्वेदी हरदेव चतुर्वेदी हप्पू श्याम चतुर्वेदी नीरज चतुर्वेदी और गोपाल पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।