मुख्यमंत्री योगी सोमवार को मथुरा पहुंचेंगे

परखम स्थित गो अनुसंधान केंद्र में करेंगे रात्रि विश्राम, मंगलवार को मान मन्दिर बरसाना रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देने जाएंगे

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 नवंबर सोमवार को लखनऊ से मथुरा आएंगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार वह सोमवार दोपहर करीब 2:05 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा दोपहर 2:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र परखम पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री यहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके रात्रि प्रवास को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार 17 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परखम स्थित गो अनुसंधान केंद्र से कार द्वारा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:35 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद राजकीय हेलीकॉप्टर से बरसाना के लिए रवाना होंगे।
दोपहर 2:50 बजे मुख्यमंत्री मान माता गौशाला बरसाना स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा 3 बजे मान माता गौशाला पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां ब्रह्मलीन रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके लिए दोपहर 3 बजे से 3:15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
इसके बाद मुख्यमंत्री बरसाना से हेलीकॉप्टर द्वारा आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह फतेहाबाद के पूर्व विधायक स्वर्गीय छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:40 बजे राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 5:50 बजे लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर शासन स्तर से मंडलायुक्त आगरा सहित मथुरा के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।