आगरा कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर सात दिवसीय जागरूकता श्रृंखला की शुरुआत, निकाली गई रैली
आगरा । आगरा कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग, स्टूडेंट काउंसलिंग तथा सुसाइड प्रिवेंशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में सात दिवसीय जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा आत्महत्या की रोकथाम के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।
कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम द्वारा रिबन टाइंग कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली का भी शुभारंभ फीता काटकर किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में भाग लिया। रिबन टाइंग कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अंशु चौहान तथा जागरूकता रैली का संयोजन डॉ. दीपाली सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रोफेसर पूनम चांद ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तनाव, चिंता एवं भावनात्मक समस्याओं को नजरअंदाज करने के स्थान पर उनके प्रति जागरूक रहना, समय पर परामर्श प्राप्त करना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को सहयोग देना अत्यंत आवश्यक है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और परस्पर सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सात दिवसीय आयोजन के तहत आगामी दिनों में डॉ. पूनम चांद के संयोजन में व्याख्यान, डॉ. अरविंद गुप्ता के संयोजन में कार्यशाला तथा डॉ. रवि सिंह के संयोजन में स्टूडेंट सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। आगरा कॉलेज की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए एक सकारात्मक एवं सहयोगपूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जिससे वे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर बिना किसी झिझक के संवाद कर सकें।