मथुरा में नवरात्रि पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

कुट्टू-सिंघाड़े के आटे से लेकर घी, साबूदाना और मिल्क केक तक की जांच, खुले कुट्टू के आटे के इस्तेमाल से बचने की अपील

मथुरा। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में छापेमारी अभियान चलाया। खाद्य सचल दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों से कुट्टू-सिंघाड़े के आटे, घी, मूंगफली दाना, साबूदाना, आइस कैंडी और मिल्क केक सहित कुल 13 नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी सीपी सिंह के आदेशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फरह स्थित प्रतिष्ठान से सिंघाड़े के आटे और कुट्टू के आटे का एक-एक नमूना लिया। छाता स्थित श्याम पनीर भंडार से घी तथा मंडी चौराहा से मूंगफली दाना का नमूना संग्रहित किया गया। ट्रांसपोर्ट नगर से सिंघाड़े के आटे, रेतिया बाजार राया से साबूदाना और सादाबाद रोड राया से सिंघाड़े के आटे का नमूना लिया गया।
इसी क्रम में वृंदावन स्थित एक निर्माण इकाई से सिंघाड़े के आटे का नमूना तथा महाविद्या क्षेत्र स्थित निर्माण इकाई से कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। निकट बस स्टैंड स्थित प्रतिष्ठान से आइस कैंडी और मसानी रोड स्थित प्रतिष्ठान से मिल्क केक का नमूना भी संग्रहित किया गया। इस प्रकार कुल 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पैक्ड कुट्टू का आटा और अन्य व्रत संबंधी खाद्य पदार्थ ही बेचें, जिन पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित हो। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से यदि जनपद में फूड पॉइजनिंग की घटना होती है, तो संबंधित निर्माता अथवा खाद्य कारोबारी का उत्तरदायित्व निर्धारित कर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से अपील की है कि नवरात्रि के दौरान खुले में बिकने वाले कुट्टू के आटे का इस्तेमाल न करें। व्रत के लिए खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और अन्य आवश्यक विवरण अवश्य जांच लें।

छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह, दिनेश कुमार भारती, राम नरेश, धर्मेंद्र सिंह और नेहा शामिल रहे।