मथुरा में शांतिपूर्वक मना रक्षा बंधन, जिला कारागार में दिखा भावनाओं का मार्मिक दृश्य
जेल में बहनों ने बांधी राखी, बंदियों ने लिया सुधार का संकल्प
मथुरा। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन का पर्व जिले में धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिला कारागार में भी इस अवसर पर विशेष वातावरण देखने को मिला, जहां बंदियों ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई और बेहतर जीवन जीने का संकल्प लिया।
रक्षा बंधन के अवसर पर कारागार प्रशासन द्वारा बहनों और परिजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। परिसर में टेंट लगाए गए तथा ठंडे पानी और शरबत की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में स्वजन अपने बंदी भाइयों से मुलाकात करने पहुंचे।
सुबह करीब 10 बजे के बाद जिला कारागार के बाहर बहनों और परिजनों की लंबी कतारें लग गईं। हर किसी में अपने बंदी भाई से मिलने और उसकी कलाई पर राखी बांधने की उत्सुकता दिखाई दी।
वरिष्ठ अधीक्षक कारागार अंशुमन गर्ग ने बताया कि बहनों को राखी, रोली और चावल उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें बाहर से पूजा सामग्री लाने में परेशानी न हो। तेज धूप और गर्मी से बचाव के लिए टेंट के साथ कूलर की भी व्यवस्था की गई। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारियों ने कारागार के बाहर ठंडे पानी और शरबत के काउंटर लगाए। मुलाकात के लिए आए महिलाओं और बच्चों को राहत देने के साथ उन्हें बिस्कुट और चॉकलेट के पैकेट भी वितरित किए गए।
रक्षा बंधन के दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। वहीं कई बंदियों ने बहनों से अपराध से दूर रहने और भविष्य में अच्छा जीवन जीने का वादा किया। इस दौरान जिला कारागार में भाई-बहन के प्रेम और भावनाओं का मार्मिक दृश्य देखने को मिला।