मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से GLA विश्वविद्यालय की छात्रा की मौत

क्लास लेने स्कूटी से यूनिवर्सिटी जा रही थी छात्रा, जैत कट के पास अनियंत्रित वाहन ने रौंदा; परिवार में मचा कोहराम

​मथुरा । राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में जीएलए विश्वविद्यालय की बीबीए की छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। ओमेक्स सिटी की ओर से स्कूटी पर सवार होकर विश्वविद्यालय में क्लास लेने जा रही छात्रा को जैत कट के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची जैत थाना पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदी निवासी अंशुमान (पुत्र प्रद्युम्ननाथ तिवारी) ने आपातकालीन सेवा डायल 112 पर दुर्घटना की सूचना दी। अंशुमान मृतका के भाई हैं। सूचना मिलते ही जैत थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़ी छात्रा को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

​बताया गया है कि मृतका GLA विश्वविद्यालय से BBA की पढ़ाई कर रही थी। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह अपनी स्कूटी से ओमेक्स सिटी की तरफ से क्लास अटेंड करने यूनिवर्सिटी जा रही थी। जैसे ही वह हाईवे पर जैत कट के समीप पहुंची, तभी अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उसकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आईं। छात्रा की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।