डिजिटल शिक्षा में मथुरा का नया कीर्तिमान: प्राथमिक विद्यालय में बांटे गए टैबलेट, स्मार्ट तरीके से गणित सीखेंगे बच्चे

​मथुरा । बेसिक शिक्षा विभाग और सारथी एजुकेशन एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में आज ग्राम नवादा के प्राथमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। इस पहल के तहत कक्षा 2 से 5 तक के बच्चों को डिजिटल माध्यम से गणित विषय की पढ़ाई कराई जाएगी। इस तरह की आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्था लागू करने वाला मथुरा पूरे उत्तर प्रदेश का पहला जनपद बन गया है।

​इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जानकारी देते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रयोग से गणित जैसे विषय को बच्चों के लिए सरल, रोचक और व्यावहारिक बनाया जा सकेगा। इससे प्राथमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस अभिनव पहल के लिए जिलाधिकारी सीपी सिंह के मार्गदर्शन और सारथी एजुकेशन NGO के सहयोग का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी सीपी सिंह के मार्गदर्शन में 19 अगस्त 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं ‘सारथी एजुकेशन’ संस्था द्वारा जनपद मथुरा के विकास खंड मथुरा के 50 परिषदीय विद्यालयों का चयन किया गया। इसके तहत कक्षा 1 से 5 में अध्ययनरत बच्चों के निपुण कार्यक्रम को एक नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
​ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति द्वारा अवगत कराया गया कि एनजीओ ‘सारथी एजुकेशन’ द्वारा पूरे प्रदेश में सर्वप्रथम इस जनपद का चयन किया गया है, जिससे परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे लाभान्वित होंगे।