18 साल बाद एमवीडीए की सबसे बड़ी आवासीय योजना छाता में होगी लॉन्च
छाता में 117 हेक्टेयर में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप, 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा, आवासीय के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी मिलेगा विस्तार
रुक्मिणी विहार के बाद बड़ी योजना
धार्मिक पर्यटन को देखते हुए होगा विकास
मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण जल्द ही छाता में बहुप्रतीक्षित आवासीय योजना लॉन्च करने की तैयारी में है। करीब 18 साल बाद प्राधिकरण की यह सबसे बड़ी आवासीय योजना होगी। 117 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस योजना के लिए अब तक 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। शेष भूमि का अधिग्रहण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप प्रस्तावित छाता आवासीय योजना को विकसित करने की प्रक्रिया प्राधिकरण ने सितंबर 2024 में शुरू की थी। करीब 15 माह में दिसंबर 2025 तक 60 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया था। इसके बाद प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन के नेतृत्व में अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाई गई। परिणामस्वरूप महज सात माह में 42 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण कर कुल 102 हेक्टेयर भूमि योजना के लिए अधिग्रहण कर ली गई है।
भूमि अधिग्रहण की इस बड़ी उपलब्धि के बाद अब प्राधिकरण ने आवासीय योजना को लॉन्च करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। योजना के लिए करीब 350 किसानों की सहमति भी प्राप्त की जा चुकी है। शेष भूमि का अधिग्रहण पूरा होने के बाद योजना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।
एमवीडीए की ओर से विकसित की जाने वाली इस आधुनिक आवासीय योजना में केवल आवासीय भूखंड ही नहीं बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त स्थान रखा जाएगा। योजना में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के साथ विद्यालय महाविद्यालय ग्रुप हाउसिंग होटल सुपर मार्केट अस्पताल और ईडब्ल्यूएस भूखंड एवं आवास विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा अतिरिक्त शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य सामुदायिक सुविधाओं को भी योजना का हिस्सा बनाया जाएगा। इससे छाता क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय विकास के साथ व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका भौगोलिक स्थान माना जा रहा है। छाता कोकिलावन शनिधाम बरसाना और नंदगांव जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के निकट स्थित है। ऐसे में भविष्य में यहां बढ़ने वाली आवासीय और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए योजना को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि छाता आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। रुक्मिणी विहार आवासीय योजना वृंदावन के बाद करीब 18 साल बाद प्राधिकरण इतनी बड़ी आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
छाता में प्रस्तावित यह योजना आने वाले वर्षों में क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। राष्ट्रीय राजमार्ग से नजदीकी और धार्मिक पर्यटन स्थलों की पहुंच के कारण योजना के विकसित होने के बाद यहां आवासीय गतिविधियों के साथ व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है।