भूतेश्वर जोन की समस्याओं पर एक्शन: नगर आयुक्त ने पार्षदों संग की समीक्षा बैठक, स्थायी समाधान के दिए निर्देश
मथुरा। नगर निगम के भूतेश्वर कार्यालय में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने भूतेश्वर जोन के पार्षदों के साथ विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर मंथन हुआ।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था, नाले-नालियों की सफाई, सीवर प्रणाली, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की पैच मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पार्षदों से वार्डवार सीधा संवाद कर जमीनी स्थिति, जारी विकास परियोजनाओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी हासिल की।
समीक्षा के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याओं और नागरिकों की जरूरतों को प्रमुखता से रखा। नगर आयुक्त ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर वार्डों की समस्याओं का दीर्घकालीन व प्रभावी समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा, ताकि आम जनता को एक ही समस्या से बार-बार न जूझना पड़े और शहरवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सुनीता कुमारी, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार तथा सहायक नगर आयुक्त नीरज शर्मा उपस्थित रहे।