वृंदावन में 3–4 अगस्त को श्री गोपालभट्ट गोस्वामीपाद महोत्सव, निकलेगा भव्य नगर संकीर्तन

वृंदावन । गौड़ीय वैष्णव परंपरा के प्रमुख तीर्थस्थल श्रीराधारमण मंदिर में 3 एवं 4 अगस्त 2026 को दो दिवसीय श्री गोपालभट्ट गोस्वामीपाद महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ किया जाएगा। महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में संत-महात्माओं व श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव के प्रथम दिवस 3 अगस्त को मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और विविध आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनभर भक्तिमय वातावरण रहेगा और श्रद्धालु ठाकुर श्रीराधारमणजी के विशेष दर्शन एवं सेवा का लाभ प्राप्त करेंगे। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

4 अगस्त को श्रीराधारमण मंदिर से भव्य नगर संकीर्तन (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। यह यात्रा गोपीनाथ बाजार, रंगजी मंदिर, अनाज मंडी, वनखण्डी महादेव, लोई बाजार और शाहजी मंदिर होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु संकीर्तन का स्वागत करेंगे और हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण गूंज उठेगा। मंदिर प्रशासन ने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा, अनुशासन और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।