मथुरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मांट थाना क्षेत्र स्थित राधारानी मानसरोवर कुंड में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार गांव नंद नगरिया निवासी 20 वर्षीय यशपाल पुत्र साहब गुरु पूर्णिमा पर राधारानी मानसरोवर कुंड में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक वह गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर मांट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।