भीषण हादसा: अनियंत्रित रोड़वेज बस ने बुजुर्ग दंपती और नातिन को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत

​नवादा चौराहे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा
​हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम, मौका पाकर चालक बस लेकर फरार

​मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर नवादा चौराहे के समीप सड़क पार कर रहे पति-पत्नी और उनकी नातिन को अनियंत्रित रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी का सिर बुरी तरह कुचल गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद मासूम गंभीर रूप से घायल हो गयी ।
​बताया जा रहा है कि मृतक फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्ष की नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। शुक्रवार सुबह दोनों अपने नातिन के साथ किसी काम से निकले थे। नवादा चौराहे पर तीनों पैदल सड़क पार कर दूसरी लेन की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
​टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। हादसे के चलते आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

​सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुचारू कराया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्चे को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसे बेहतर इलाज के लिए आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी हाईवे प्रशांत कपिल ने बताया कि हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ​एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह मजदूर पति-पत्नी अपनी नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।