मथुरा से वाराणसी वंदे भारत चलाने की मांग: सांसद हेमा मालिनी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र
प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले वादकारियों व यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, बार एसोसिएशन की मांग पर सांसद ने दी प्रबल संस्तुति
मथुरा । मथुरा संसदीय क्षेत्र की सांसद हेमा मालिनी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आगरा कैंट से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार मथुरा जंक्शन तक करने की मांग की है। सांसद हेमा मालिनी ने पत्र में उल्लेख किया है कि मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन रहता है। इसके अलावा, मथुरा से हाई कोर्ट और विभिन्न कार्यों से प्रयागराज जाने वाले वादकारियों एवं आम यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगरा कैंट से वाराणसी तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20175/20176) का विस्तार मथुरा जंक्शन तक किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
सांसद ने बताया कि इस संबंध में बार एसोसिएशन मथुरा के अध्यक्ष चौ. राघवेंद्र सिंह एडवोकेट द्वारा एक मांग पत्र प्राप्त हुआ था। वकीलों और वादकारियों की इस जनहित से जुड़ी मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद हेमा मालिनी ने अपनी प्रबल संस्तुति के साथ यह पत्र रेल मंत्री को भेजा है। सांसद ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को इस वंदे भारत ट्रेन का संचालन मथुरा जंक्शन से शुरू कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की कृपा करें। यदि इस मांग को मंजूरी मिलती है, तो मथुरा से प्रयागराज और वाराणसी की यात्रा करने वाले लोगों के समय में काफी बचत होगी और सफर बेहद सुगम हो जाएगा।