राष्ट्रपति के दौरे में ढका नाला फिर खुला, अंतापाड़ा में टीन उखड़ने से बढ़ी चिंता

मथुरा। महानगर के अंतापाड़ा क्षेत्र में नाले को ढकने के लिए नगर निगम द्वारा लगाई गई टीन अब उखड़नी शुरू हो गई है। महीनों से चल रही इस समस्या पर संबंधित विभाग ने अब तक कोई ठोस ध्यान नहीं दिया है।
बताया जाता है कि गत वर्ष महामहिम राष्ट्रपति के श्री कृष्ण कुब्जा मंदिर आगमन से पहले प्रशासन ने मंदिर के समीप बने नाले को टीन शीट से ढक दिया था। शुरुआती कुछ महीनों तक व्यवस्था ठीक रही लेकिन बाद में अराजक तत्वों की नजर इन टीनों पर पड़ गई और धीरे-धीरे इन्हें उखाड़ा जाने लगा।
वर्तमान स्थिति यह है कि नाले पर लगी करीब एक दर्जन टीनें गायब हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है, इसके बावजूद किसी को यह जानकारी नहीं है कि टीनें किसने हटाईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जिला प्रशासन और पुलिस ने ध्यान नहीं दिया, तो नाले पर लगी बाकी टीन भी गायब हो सकती हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि संबंधित विभाग टीन चोरी की घटनाओं पर क्या कार्रवाई करेगा। आने वाले समय में ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।