मुड़िया पूनो मेले के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद: 9 सुपर जोन में बंटेगा पूरा मेला क्षेत्र

​ADG एस. के. भगत ने की वृहद समीक्षा बैठक, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश

​मथुरा/गोवर्धन। आगामी 23 जुलाई से 30 जुलाई तक गोवर्धन में आयोजित होने वाले सुप्रसिद्ध मुड़िया पूनो मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बुधवार को आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एस. के. भगत की अध्यक्षता में एक वृहद समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कमिश्नर नगेन्द्र प्रताप , डीआईजी शैलेश पांडेय ,जिलाधिकारी सीपी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार विकास प्राधिकरण की उपाध्य्क्ष लक्ष्मी एन. सहित सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
​बैठक में विशेष रूप से मंदिर प्रबंधकों, सेवायतों और संत समाज के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। उन्होंने प्रशासन के साथ अपने पिछले वर्षों के अनुभव और मेले को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं, जिसके आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की रणनीति तैयार की गई।

​एडीजी एस. के. भगत ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन और विभिन्न सेक्टर्स में विभाजित किया गया है। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए पूरे क्षेत्र में अस्थाई पुलिस चौकियां और नए पुलिस बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। मेले के दौरान पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे पारियों में मुस्तैद रहेंगे। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग पार्टियां गश्त करेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
​एडीजी ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए जो भी छोटी-मोटी कमियां रह गई थीं, उन्हें इस बार पूरी तरह दूर किया जाएगा। साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एस. के. भगत, ADG (आगरा जोन) ने बताया कि एसएसपी और डीआईजी द्वारा मांगी गई सभी अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकताओं को जोन स्तर से पूरा कर दिया गया है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मेला पूरी तरह सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।