जिला कांग्रेस कार्यालय में कांशीराम की 92वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

मथुरा। बहुजन समाज के नायक स्व कांशीराम की 92वीं जयंती जिला कांग्रेस कमेटी के सेठबाड़ा स्थित कार्यालय पर उनके छवि चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धा सुमन अर्पित कर मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि कांशीराम ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने शोषित समाज की राजनीतिक चेतना को जागृत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान के माध्यम से शोषित समाज के विकास और अधिकारों के विचारों को बहुजन समाज तक पहुंचाने के लिए कांशीराम ने बामसेफ का गठन किया।

मुकेश धनगर ने कहा कि कांशीराम ने दलित और शोषित समाज को मनोबल देने के लिए बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की। वे उन महापुरुषों में से एक थे जिन्होंने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के लिए जीवन समर्पित किया। वे आजीवन अविवाहित रहे और अपनी मां को लिखे एक पत्र में शोषित समाज को ही अपना परिवार बताया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को कांशीराम जैसे महापुरुषों के विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। भारतीय लोकतंत्र में एकता और समानता के साथ शासन व्यवस्था स्थापित करने का संदेश देने वाले इस महान व्यक्तित्व को उनके जन्मदिवस पर कोटि कोटि नमन है।

कार्यक्रम का संचालन महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर ललिता देवी गीता दिवाकर बलवीर प्रधान दीपक पाठक रवि वाल्मीकि करन निषाद महेश चौबे मुस्लिम कुरैशी अनिल खरे जयंती सारस्वत निशू यादव रवि ठाकुर मोनू निषाद नीरज सपना गुड्डी विवेक कुमार राजेश कुमार और विक्रम वाल्मीकि सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।