कोसीकलां औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में भीषण आग, 25 करोड़ तक का नुकसान

मथुरा। कोसी कलां के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक इंडस्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री परिसर में रखा करोड़ों रुपये का कच्चा और तैयार माल जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
कंपनी स्वामी के अनुसार बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उस समय फैक्ट्री के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, केवल बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात था। फैक्ट्री में सुरक्षा के लिहाज से आग बुझाने की पाइपलाइन भी लगी हुई थी, लेकिन आग तेजी से फैल गई।
फैक्ट्री मालिक ने बताया कि अग्निकांड में करीब 20 से 25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग से कच्चा माल और तैयार बैटरियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास की फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। एहतियातन अन्य इकाइयों में काम कर रहे लोग बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।