मथुरा। शासन के निर्देशों के तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग, भंडारण और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगर क्षेत्र में स्वच्छता को सुदृढ़ करना और नागरिकों में प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। नगर आयुक्त जगप्रवेश द्वारा इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं जिनमें प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध निरंतर और सख्त कार्रवाई पर जोर दिया गया है।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में नगर के सभी जोनों में विशेष अभियान चलाया गया। टीमों ने बाजारों, दुकानों, गल्ला मंडियों, सब्जी मंडियों और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में निरीक्षण कर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक रखने, बेचने या उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान के दौरान मंडी चौराहा रोड एवं वृंदावन क्षेत्र में चैतन्य बिहार के समीप प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और विक्रय करने वालों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। टीम द्वारा लगभग 30 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई, जिसे नियमानुसार निस्तारित किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों और आम नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल बैग के उपयोग तथा प्लास्टिक-मुक्त बाजार विकसित करने के लिए जागरूक किया गया।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और नगर निगम की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण करती रहेंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक-मुक्त अभियान में सहयोग करें, ताकि नगर को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-सुरक्षित बनाया जा सके।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.