शादी समारोह में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों पर मथुरा पुलिस का शिकंजा, तीन थार गाड़ियाँ जब्त

हूटर, तेज डीजे और फायरिंग कर गांव में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मथुरा (गोवर्धन)। थाना गोवर्धन पुलिस ने शादी समारोह के दौरान गांव में दहशत फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महंगी थार गाड़ियों को जब्त कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की है। पुलिस अन्य वाहनों व आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम देवसेरस थाना गोवर्धन क्षेत्र में 10 दिसंबर को स्थानीय निवासी की पुत्री की शादी थी। इस विवाह समारोह में ग्राम अंगरावली कामा (राजस्थान) से बारात आई थी। बारात में शामिल कुछ लोग महंगी-महंगी गाड़ियों में सवार होकर गांव की संकरी गलियों में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने लगे।
आरोप है कि कुछ युवक गाड़ियों की छत पर बैठकर और सनरूफ से बाहर निकलकर अवैध असलहे (तमंचा, पिस्टल) लहराते हुए हूटर बजा रहे थे तथा डीजे को अत्यधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा था। इतना ही नहीं कई लोगों द्वारा फायरिंग भी की गई जिससे गांव के लोग भयभीत हो गए और अपने घरों के दरवाजे-खिड़कियाँ बंद कर छिपने को मजबूर हो गए।
इस घटना की वीडियो गांव के कुछ लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी, जो वायरल हो गई। मामले की जांच में घटना सही पाई गई। इसके बाद थाना गोवर्धन पर धारा 191(2)/191(3)/190 बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट के तहत करीब 20 अज्ञात कार सवार व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था। गोवर्धन पुलिस ने विवेचना के दौरान कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को बरामद कर लिया है, जबकि अन्य वाहनों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में हथियारों का प्रदर्शन, हूटर का प्रयोग, तेज डीजे और फायरिंग कर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।