आगरा मंडल में यात्रियों की सुविधा हेतु 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित
डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा, काउंटरों पर भीड़ होगी कम
आगरा । भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सरल, त्वरित एवं पारदर्शी टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल के अंतर्गत स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
आगरा मंडल के अंतर्गत कुल 09 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित की गई हैं। इनमें आगरा छावनी स्टेशन पर 07, मथुरा जंक्शन पर 09, आगरा किला पर 06, राजा की मंडी पर 04, धौलपुर पर 02, ईदगाह पर 02, कोसी कलां पर 02, भूतेश्वर पर 02 तथा खेरली स्टेशन पर 02 एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं। इन स्टेशनों का चयन यात्रियों की संख्या, क्षेत्रीय महत्व तथा परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का सीधा लाभ मिल सके।
यात्रियों को एटीवीएम के उपयोग में सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित स्टेशनों पर एटीवीएम फैसिलिटेटरों की भी तैनाती की गई है। उनकी सहायता से टिकट खरीदने की प्रक्रिया सरल, तेज एवं सुगम होगी। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी, प्रतीक्षा समय घटेगा तथा स्टेशन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनेगी।
इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों एवं डिजिटल तकनीक से कम परिचित यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें मशीन के प्रयोग में प्रत्यक्ष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
आगरा मंडल यात्रियों की सुविधा, सेवा गुणवत्ता में सुधार तथा रेलवे सेवाओं को अधिक यात्री-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी आगरा मंडल द्वारा इस प्रकार की तकनीक-आधारित एवं जनहितकारी पहलों को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।