मथुरा। शहर में शब-ए-बरात का पवित्र त्योहार मंगलवार को पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई तथा पूरी रात इबादत का सिलसिला चलता रहा।
त्योहार को लेकर सोमवार से ही मस्जिदों और कब्रिस्तानों की आकर्षक सजावट की गई। कब्रिस्तानों सहित गलियों और मोहल्लों में साफ-सफाई कराई गई तथा इबादतगाहों व कब्रिस्तानों तक जाने वाले रास्तों को भी सजाया गया। समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर शब-ए-बरात की मुबारकबाद दी।
इस पर्व पर देर शाम घरों में फातिहा दिलाई गई, जबकि रात में लोग अपने अजीजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ने पहुंचे। मस्जिदों में पूरी रात नफील नमाज अदा की गई।
डींग गेट स्थित शाही मस्जिद ईदगाह, चौक बाजार जामा मस्जिद, मसानी, कच्ची सड़क, विशायती खिड़की, राधेश्याम कॉलोनी, मटिया गेट, नई बस्ती सहित अन्य मस्जिदों में विशेष इबादत की गई।
नमाजियों ने कुरान शरीफ की तिलावत कर अपने गुनाहों की माफी के लिए खुदा से मगफिरत की दुआ मांगी तथा पूर्वजों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिलाओं ने सुबह से रोजा रखकर घरों में कुरान शरीफ की तिलावत की और नमाज अदा कर परिवार की खुशहाली की दुआ मांगी।
मोहम्मद दिलशाद ने बताया कि इस पर्व पर पूरी रात नमाज अदा कर खुदा से माफी मांगी जाती है और सुबह लोग कब्रिस्तान जाकर अपनों की कब्रों पर फूल चढ़ाकर मगफिरत की दुआ करते हैं।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए जिससे शब-ए-बरात की रात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.