महिला आयोग अध्यक्ष का मथुरा जेल पर औचक निरीक्षण, वार्ड और रसोई की परखी व्यवस्था

मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बाबिता सिंह चौहान ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार की साफ सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
डॉ बाबिता सिंह चौहान ने महिला वार्ड का निरीक्षण कर वहां निरुद्ध महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य बच्चों की देखभाल और दैनिक सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। महिला वार्ड में अपनी माताओं के साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए गए।
कारागार की पाकशाला में साइकिल के माध्यम से भोजन तैयार किया जा रहा था। आयोग अध्यक्ष ने रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। पाकशाला में साफ सफाई बेहतर पाई गई और तैयार हो रहे भोजन को गुणवत्ता की दृष्टि से संतोषजनक बताया गया। उन्होंने कारागार में बंदियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी सराहना की। विशेष रूप से बंदियों द्वारा तैयार की जा रही पोशाक को देखकर आयोग अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के प्रयास बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि कारागार में बंद महिलाएं भी समाज का हिस्सा हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।
इस मौके पर जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग डॉ. उपेन्द्र पाल सिंह सोलंकी जेलर सुरेंद्र मोहन सिंह डिप्टी जेलर दुर्गेश प्रताप सिंह रविन्द्र कुमार हेमराज सहित अन्य कारागार कर्मी मौजूद रहे।