वृंदावन में वीवीएस राष्ट्रीय संगठन की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न , MLC चुनावों के लिए प्रदेश कमेटी का गठन
वृंदावन । श्री अक्रूर धाम वृंदावन के पावन प्रांगण में रविवार को वीवीएस राष्ट्रीय संगठन की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। राष्ट्रीय संयोजक अनिल वार्ष्णेय के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में विभिन्न जनपदों के सम्मानित पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी पंचायत और विधान परिषद (MLC) चुनाव रहे। चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए संगठन द्वारा एक विशेष प्रदेश कमेटी का गठन किया गया है। मेरठ के जिला प्रभारी प्रदीप वार्ष्णेय के नेतृत्व में गठित इस कमेटी में सुनील बाबू (मुरादाबाद) और विष्णु वार्ष्णेय (मथुरा) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसके साथ ही संगठन का विस्तार करते हुए विनोद कुमार वार्ष्णेय (पेट्रोल पंप वाले) को बहजोई का नगर प्रभारी नियुक्त किया गया है। समाजहित और राष्ट्रहित में संगठन द्वारा किए जा रहे निरंतर कार्यों की सराहना करते हुए, श्री अक्रूरधाम गोपीनाथ फाउंडेशन (पंजी.) एवं अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा (पंजी.) द्वारा राष्ट्रीय संयोजक अनिल वार्ष्णेय व अन्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वीवीएस राष्ट्रीय संगठन ने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। बैठक के अंत में पदाधिकारियों ने वार्ष्णेय समाज के हितों की रक्षा और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।