मथुरा। वर्ष 2020 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने मुख्य विकास अधिकारी का पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अधिकारियों से परिचय किया और जिले के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े सभी कार्य तय समय में पूरे किए जाएं और किसी भी योजना में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
राजीव भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में पीडी डीआरडीए एके उपाध्याय ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इसके बाद डीपीआरओ धनंजय जायसवाल डीडीओ गरिमा खरे सहित अन्य अधिकारियों से परिचय हुआ। नई सीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी योजना में कोई बाधा आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाए और किसी भी समस्या पर सीधे संवाद कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। आई ए एस डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों और विकास खंडों का शीघ्र निरीक्षण किया जाएगा ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। उनका लक्ष्य पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से मथुरा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
डॉ. गुप्ता मूल रूप से दिल्ली की निवासी हैं और इससे पहले गाजियाबाद में जॉइंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य कर चुकी हैं। प्रशासनिक दक्षता और तेज निर्णय क्षमता के लिए उन्हें एक सक्षम अधिकारी माना जाता है। उनके पति आईपीएस आफिसर है जो नोयडा में तैनात है।
पूर्व सीडीओ आईएएस मनीष कुमार मीणा को स्थानांतरण के बाद यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके कार्यकाल में जिले में विकास योजनाओं ग्रामीण विकास मनरेगा पंचायती राज और स्वच्छता अभियान को नई दिशा मिली। उनके योगदान को जिले में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।