मथुरा। भीषण ठंड के बीच बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति द्वारा लगातार कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है। समिति बीते 1 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक बिना रुके गरीब, बेसहारा और असहाय लोगों को कंबल वितरित कर रही है।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने बताया कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए संस्था की टीम अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का मूल मंत्र है जिंदगी अनमोल है इससे बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के तहत संस्था वर्षभर लोगों की जरूरतों के अनुसार सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती है।
महिला प्रदेश अध्यक्ष श्वेता शर्मा ने बताया कि इस सेवा कार्य में महिला टीम भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए टीम देर रात तक सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और जरूरतमंद इलाकों में पहुंचकर कंबल वितरित कर रही है।
संस्था पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कंबल वितरण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो। समिति के इस मानवीय प्रयास की शहर में सराहना की जा रही है।