मथुरा । जनपद के मगोर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एक डॉक्टर पर मरीज से इलाज के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित द्वारा रिश्वत लेते हुए वीडियो बनाए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही आरोपी डॉक्टर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मगोर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर संजय कुमार ने सोनवीर नामक मरीज से उपचार के एवज में कुल 45 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित का आरोप है कि वह पहले ही डॉक्टर को 15 हजार रुपये दे चुका था। शुक्रवार को जब डॉक्टर ने दोबारा 5 हजार रुपये की मांग की, तो पीड़ित ने अपने मोबाइल फोन से रिश्वत देते हुए वीडियो बना लिया।
इसके बाद पीड़ित ने थाना मगोर्रा में तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही डॉक्टर अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल मच गई है। विभागीय स्तर पर जांच और कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच जारी है।