13 सूत्रीय मांगों को लेकर किसान सभा का महावन तहसील पर धरना
सिंचाई, मुआवजा, आवारा पशु, MSP कानून व मनरेगा बहाली की उठी जोरदार मांग
मथुरा। जिला कार्यकारिणी किसान सभा मथुरा के आह्वान पर महावन तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी महावन के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने के माध्यम से किसानों ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन में किसानों ने प्रमुख रूप से मांग की कि मैहर राज बाबा मिंदराम पटेल तक लगातार सिंचाई जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही इटली नाल, पचावर नाल, हथौरी नाल, अलीपुर नाला सहित अन्य नालों की जून माह से पूर्व सफाई कराई जाए, ताकि आगामी फसलों को जल संकट का सामना न करना पड़े।
किसान सभा ने बेमौसम बरसात एवं जलभराव से नष्ट हुई फसलों पर प्रति फसल ₹3000 मुआवजा दिए जाने की मांग की। साथ ही आवारा पशुओं को गोशालाओं/बाड़ों में रखने तथा जंगली जानवरों की रोकथाम की व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया।
धरने में यह भी मांग उठाई गई कि जाटव चीनी मिल को शीघ्र चालू कराया जाए, बंद पड़े कारखानों को पुनः शुरू किया जाए तथा सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी लागू की जाए। किसानों ने कहा कि फसलों की कीमत तय करते समय बैंक ब्याज, जमीन का किराया जोड़कर 50 से 60 प्रतिशत मुनाफा सुनिश्चित किया जाए।
मनरेगा को लेकर किसानों ने मनरेगा कानून को पूर्ण रूप से बहाल करने, ₹600 प्रतिदिन मजदूरी तथा 200 दिन का रोजगार दिए जाने की भी मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व सुदेश कुमार, सदस्य राज्य कार्यकारिणी उत्तर प्रदेश किसान सभा एवं तेजवीर सिंह, संयुक्त सचिव किसान सभा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने के उपरांत किसानों द्वारा अपनी मांगों का ज्ञापन उप जिलाधिकारी महावन को सौंपा गया।