मथुरा की समाजसेविका मिथलेश तोमर को नेपाल में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
काठमांडू में आयोजित ब्रिलिएंट अवॉर्ड–2025 में सेवा, समर्पण और मानवता के लिए हुई सम्मानित
मथुरा। वरिष्ठ समाजसेविका, मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज श्रीमती मिथलेश तोमर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें सेवा, समर्पण और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दक्षिण एशियाई ब्रिलिएंट अवॉर्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया।
दक्षिण एशियाई देशों के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, कला एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। समारोह में नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों सहित भारत, नेपाल और अन्य दक्षिण एशियाई देशों के कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश से केवल दो समाजसेविकाओं का चयन इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए किया गया, जिनमें मथुरा की श्रीमती मिथलेश तोमर और लखनऊ की श्रीमती मोनी सिंह शामिल हैं। इस उपलब्धि से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि मथुरा जनपद का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ है।
श्रीमती मिथलेश तोमर लंबे समय से सामाजिक सेवा, महिला अधिकारों, मानवाधिकार संरक्षण और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनके इस सम्मान से सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ हैं।