केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचकर जताया शोक#

माता के निधन पर दी श्रद्धांजलि, अभिभावक की भूमिका में नजर आए केंद्रीय मंत्री

मथुरा। भाजपा के फायर ब्रांड नेता एवं केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह मंगलवार को मथुरा पहुंचे और भाजपा विधायक राजेश चौधरी के वेस्ट प्रताप नगर स्थित आवास पर जाकर उनकी माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत माता के चित्रपट पर पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शाम करीब पांच बजे विधायक के आवास पर पहुंचे और लगभग दो घंटे तक वहीं रुके। इस दौरान वे पूरी तरह अभिभावक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने विधायक राजेश चौधरी के सभी भाइयों एवं परिवार के सदस्यों से आत्मीय चर्चा की और उन्हें ढांढस बंधाया।
बताया गया कि केंद्रीय मंत्री और विधायक राजेश चौधरी के बीच आत्मीय संबंध रहे हैं। इससे पूर्व कोरोना काल में विधायक के पिता के निधन पर भी गिरिराज सिंह शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने माता जी के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर अंतिम समय तक का पूरा हाल-चाल गंभीरतापूर्वक लिया।
केंद्रीय मंत्री की दो घंटे की उपस्थिति के दौरान उनकी सादगी और अपनत्व सभी को प्रभावित करता नजर आया। इतने बड़े कद्दावर नेता की मौजूदगी के बावजूद माहौल पूरी तरह पारिवारिक रहा। उन्होंने विधायक के भाइयों और उनके बच्चों को नाम लेकर बुलाया और व्यक्तिगत रूप से उनसे बातचीत की जिससे उनकी निकटता और संवेदनशीलता स्पष्ट झलकी।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात चौधरी सपा नेता डॉ. अशोक अग्रवाल भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह सुरेंद्र प्रधान तिलकवीर चौधरी संजय प्रधान भूपेश अग्रवाल राकेश शर्मा (राया) हरिकेश चौधरी मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार रणवीर सिंह जसवंत सिंह जितेंद्र सिंह शैलू चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।