वृंदावन में श्रीकृष्ण खेल महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका का हुआ विमोचन

वृंदावन। वृंदावन बाल विकास परिषद के तत्वावधान में आगामी 15 से 21 जनवरी तक आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण खेल महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका का विमोचन शनिवार को रमनरेती क्षेत्र स्थित मोहन वाटिका में हर्षोल्लास के साथ किया गया।

इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष नवीन चौधरी एड. ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की पावन क्रीडास्थली श्रीधाम वृंदावन में अब तक किसी बड़े खेल आयोजन का न होना बृजवासियों के लिए निराशाजनक रहा है। उन्होंने कहा कि वृंदावन बाल विकास परिषद द्वारा इस कमी को दूर करने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा।

परिषद के महामंत्री ठा. हरिबल्लभ सिंह ने बताया कि कैलाशनगर स्थित सत्यादेवी गर्ग सरस्वती शिशु मंदिर के खेल मैदान पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें बृज क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

परिषद के सदस्य अमित गौतम ‘पिंटू’ ने बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत एक विशेष क्रिकेट टूर्नामेंट का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें वृंदावन की सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी खिलाड़ी के रूप में भाग लेंगे। यह क्रिकेट प्रतियोगिता गरुड़ गोविंद मंदिर के सामने स्थित वृंदावन क्रिकेट एकेडमी मैदान पर आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर अजय गौतम, कृष्णा चौधरी, विनय शर्मा, अभिषेक उदेनिया, आशीष ठाकुर, दुष्यंत दीक्षित, मुकेश कृष्ण शर्मा, जितेंद्र कुमार गौतम, डॉ. सचिन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।