मांट में वोट चोरी के विरोध में कांग्रेसियो ने निकाला मशाल जुलूस

मांट (मथुरा) । विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार की शाम वोट चोरी और चुनावी धांधली के विरोध में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस जेएसएम स्कूल से मांट थाने तक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में निकाला गया।
सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, किसान, युवा और स्थानीय नागरिक मशालें लेकर सड़कों पर उतरे। पूरे रास्ते में वोट की चोरी बंद करो लोकतंत्र बचाओ और “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे गूंजते रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि मताधिकार हर नागरिक का सबसे बड़ा अधिकार है। यदि चुनाव प्रक्रिया में धांधली या वोट चोरी होती है तो यह सीधे-सीधे लोकतंत्र पर कुठाराघात है। वर्तमान सरकार गरीब, किसान और मज़दूर वर्ग को अनदेखा कर केवल पूंजीपतियों को लाभ पहुँचा रही है। यह लोकतंत्र नहीं बल्कि तानाशाही है और कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी। धनगर ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और सरकार ने वोट चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और व्यापक रूप धारण करेगा। जुलूस शांतिपूर्ण रहा, परंतु उत्साह और आक्रोश से भरा हुआ था। मशालों की रोशनी और नारों की गूंज ने पूरे मांट क्षेत्र का माहौल गरमा दिया। आस-पास के गांवों से भी लोग इस विरोध को देखने पहुंचे। राहगीर और दुकानदार भी चर्चा में शामिल हुए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि मताधिकार सुरक्षित नहीं है तो लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं रह जाता। कई युवाओं ने इसे “लोकतंत्र बचाने की निर्णायक लड़ाई” करार दिया।
मशाल जुलूस में पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि डॉ.आशुतोष भारद्वाज रूपा लवानिया करण निषाद हरिओम उपाध्याय ब्लॉक अध्यक्ष हरदेव सिंह सतीश शर्मा रिंकू चौधरी गंगा शरण दीक्षित अशोक शर्मा ख़चेरमल प्रधान कुबेर दत्त बाबूलाल चंद्रमोहन राजू तिवारी दिलशाद खान विनोद निषाद अवधेश चौधरी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।