मथुरा में निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान का दिखने लगा असर, वसूला जुर्माना

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आने वाले श्रद्वालुओ की सुविधाओं को देखते हुए नगर निगम द्वारा महानगर के सभी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने हेतु नियमित अभियान चलाया जा रहा है। लगातार अलग अलग क्षेत्रों में की जा रही कार्यवाही का अच्छा ख़ासा असर दिखाई देने लगा है। महोली रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से हटाने के दौरान चंद दुकानदारों ने विरोध किया जिनको अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने ठीक तरह से समझाते हुए चेतावनी दी कि किसी को भी नाली नाला के ऊपर सामान रखने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार एवं अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के नेतृत्व में नगर निगम टीम ने गोवर्धन चौराहा नेशनल हाईवे रोड के दोनों ओर, गोवर्धन चौराहा से मंडी चौराहा तक एवं मंडी चौराहा से सौंख रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर लगाए गए टीन शेड, तिरपाल काफी संख्या में हटवाए गए। नालों के ऊपर बनाई गई अस्थायी दुकानें भी हटाई गईं। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से पांच हजार रु का जुर्माना वसूला गया तथा चेतावनी दी गई कि पुनः अतिक्रमण करने पर सामान ज़ब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान काफी संख्या में ढकेल आदि जब्त किये गए।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने दुकानदार एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अनुरोध किया है कि अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें। मार्गों पर अतिक्रमण से यातायात में बाधा आती है । अतिक्रमण अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी ETF प्रभारी कर्नल आरके सिंह प्रवर्तन टीम उपस्थित रही।