तरौलीवासी पहुंचे डीएम के द्वार, बिहारीजी कोरिडोर की लगाई दरकार

मथुरा। छाता क्षेत्र के गांव तरौली निवासी ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलकर बिहारीजी कोरिडोर के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। इसे ब्रज के लिए परम आवश्यक बताया है।
बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने कहा कि ब्रज में दर्शनार्थियों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। कभी कुंज गलियों में लोगों का आवागमन सहज तरीके से हो जाता था लेकिन अब स्थितियां तेजी के साथ बदली है । मथुरा वृंदावन में प्रति वर्ष 9 करोड़ से अधिक लोग दर्शन को पहुंच रहे है । सड़कें छोटी पड़ रही है ऐसे में दर्शनार्थियों को भीड़ के दबाव में अनेक प्रकार से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वृंदावन में बिहारीजी के दर्शन करना मुश्किल हो रहा है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए वृंदावन में बिहारीजी कोरिडोर की बहुत आवश्यकता है। हम सभी लोग ब्रज और कान्हा के भक्तों की खातिर कोरिडोर का समर्थन करते हैँ।

इस मौके पर जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ब्रजवासी और वृंदावनवासी मिलकर कोरिडोर का निर्माण कराएंगे। कोरिडोर के लिए प्रभावित होने वाली दुकान और मकान का पूरा मुआवजा दिया जाएगा। किसी के किसी भी प्रकार के अधिकार प्रभावित नहीं होंगे। ज्ञापन देने वालों में धर्मेंद्र सिंह , तेजपाल, लेखराज, राजद्त्त गौड़, नीरज सिंह, प्रदीप कुमार, लाखन सिंह, ओमपाल सिंह, सत्यपाल आदि काफी लोग मौजूद रहे।