जल भराव से निपटने में जुटी नगर निगम की टीमें, वाहनों के लिए किया मार्ग डायवर्जन

मथुरा। महानगर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण हुए कई स्थानों पर हुए जलभराव का नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। संबंधित स्थलों पर जल भराव की स्थिति भी जानी तथा यथासम्भव उपाय भी मौके पर कराए गए। इस मौके पर निगम कर्मचारी पंपों के माध्यम से जल निकासी करते हुए मिले। कई स्थानों पर मार्ग डायवर्जन किया गया।
17 जून की सायं मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र में हुई मूसलाधार वर्षा के कारण महानगर क्षेत्र में जगह जगह जल भराव हो गया। इसके बाद नगर आयुक्त जग प्रवेश ने नगर निगम की टीम के साथ जलभराव प्रभावित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूतेश्वर रेलवे अंडरपास, बीएसए रोड तथा नया बस स्टैंड अंडरपास जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए निकासी के प्रबंध देखे। निरीक्षण की शुरुआत भूतेश्वर अंडरपास से हुई जहां पर जल निकासी के लिए लगाए गए अतिरिक्त ट्रैक्टर पंप का अवलोकन किया। इसके उपरांत बीएसए रोड और नया बस स्टैंड अंडरपास का निरीक्षण किया जहां पर जल निकासी की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। यहाँ नगर निगम की टीम मौके पर पूर्ण रूप से सक्रिय मिली। नया बस स्टैंड अंडरपास स्थित पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। सभी पंप सेट्स क्रियाशील अवस्था में पाए गए । भूतेश्वर अंडरपास पर जलभराव के कारण एक ऑटो वाहन फंसा हुआ मिला जिसे जेसीबी की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध अंडरपास की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने हेतु दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है। डायवर्जन की व्यवस्था लागू की गई है। साथ ही निगम कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि सतर्कता एवं निरंतर निगरानी निगम के अधिकारी अपनी टीम के साथ कर रहे है । भूतेश्वर अंडरपास, बीएसए पुलिया एवं बस स्टैंड अंडरपास पर मौजूद रहकर जल निकासी कार्य में लगे हुए हैं। सभी संसाधनों का प्रयोग कर जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान किया जा रहा है।