समाज के सामने सच को उजागर करना पत्रकारों का अहम दायित्व, फेक न्यूज से बचें : अरूण सिंह

पत्रकारों को उनकी मेहनत के हिंसाब से मानदेय मिले: रासबिहारी

जगत गुरू शंकराचार्य राज राजेश्वरानंद महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

मथुरा। गणेश शंकर विद्यार्थी की याद में शुक्रवार को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया एवं ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 33 वां पत्रकारिता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया जिसमें राजनीति, धार्मिक, पत्रकार जगत से जुड़े विशिष्ट लोगों द्वारा वर्तमान समय में पत्रकारिता जगत की चुनौतियों पर विस्तृत मंथन किया गया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जगत गुरू शंकराचार्य राज राजेश्वरानंद महाराज, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरूण सिंह, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, विधायक पूरन प्रकाश एमएलसी ओमप्रकाश सिंह द्वारा मां सरस्वती के छवि चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरूण सिंह ने कहा कि पत्रकारों के हित में केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा कई योजनाएं चलायी जा रही हैं। कोरोना काल में भी प्रदेश की योगी सरकार द्वारा पत्रकारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को दर्पण दिखाने का कार्य करते हैं। समाज के सामने सच को उजागर करना पत्रकार का अहम दायित्व है और समाज उनसे इसकी अपेक्षा भी करता है। पत्रकारों को फेक न्यूज से भी बचना चाहिए। किसी समाज व राष्ट्र विरोधी खबर की जब तक सत्यता की पुष्टि न हो तब तक फेक न्यूज को वायरल नहीं करना चाहिए।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। एमएलसी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पत्रकार किसी समाज के उत्थान में अहम भूमिका निभाते हैं। नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य कर रही है। ब्रज प्रेस अध्यक्ष डॉ.कमलकान्त उपमन्यु के आग्रह पर महापौर ने मथुरा में एक मार्ग को दिवंगत पत्रकार स्व. अनन्त स्वरूप वाजपेयी देशभक्त के नाम पर करने का ऐलान किया।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि समय के साथ हर क्षेत्र में बदलाव आया है। मीडिया में भी वर्तमान में बहुत सारी चुनौतियां हैं उन पर हमें चिंतन करने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि पत्रकारों को उनकी मेहनत के हिंसाब से मानदेय दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम को उ.प्र. सरकार के पूर्व प्रमुख सचिव देवदत्त शर्मा आईएएस, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर उर्फ राजू यादव, बार एसो. के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार गोलेश स्वामी आदि ने भी संबोधित किया।
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकान्त उपमन्यु ने आभार व्यक्त किया। संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनूप शर्मा द्वारा किया गया।