मथुरा वृंदावन में यमुना की सतह से गंदगी दूर करने के लिए विप्रा की आर्थिक मदद से नगर निगम खरीदेगा ट्रेस स्केमर मशीन

मथुरा। बहुत जल्द मथुरा-वृंदावन क्षेत्र स्थित यमुना में अब गंदगी नजर नहीं आएगी। यमुना जल की ऊपरी सतह की नियमित सफाई होगी। जल की सतह पर आने वाली गंदगी को साफ करने के लिए दो मशीन की खरीद होने जा रही है। इसके लिए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण 2.75 करोड़ रुपये नगर निगम को दे रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि मथुरा वृंदावन धार्मिक नगरी है। यह धार्मिक शहर है जो कि यमुना के किनारे स्थित है। यहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े मंदिर दर्शन और यमुना पूजन के लिए आते है। यम द्वितीया पर्व पर यमुना में स्नान का बड़ा आध्यात्मिक महत्व है। देश भर के लाखों श्रद्धालु इस दिन यमुना में डुबकी लगाते है। अनेक मंदिरों में ठाकुर जी को स्नान आज भी यमुना जल से कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयास जारी है। इसी प्रक्रिया में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा यमुना की नियमित सफाई के लिए 2.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए है। इस राशि का 50 प्रतिशत भुगतान नगर निगम को कर दिया गया है। नगर निगम निगम के स्तर से ट्रेस स्केमर की खरीद की जाएगी जिससे जल पर सफाई का कार्य होगा।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि नगर निगम को विकास प्राधिकरण द्वारा धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। अब जल्द ही यमुना सफाई के लिए ट्रेस स्केमर की खरीद की प्रक्रिया शुरु होगी। इससे यमुना जल की ऊपरी सतह पर कूड़ा जमा नहीं हो सकेगा। यमुना के घाटों पर स्वच्छता रहेगी। एक मशीन वृंदावन में कार्य करेगी एक मथुरा में ।