लखनऊ में 3 मंजिला बिल्डिंग ढही, 5 की मौत ,कई लोग मलबे में दबे

लखनऊ । लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में एक तीन मंजिला इमारत शनिवार शाम करीब पांच बजे ढह गई जिससे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। मलबे के नीचे दबने से पांच लोगों की मौत हो गई और 24 घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस इमारत का उपयोग गोदाम के तौर पर किया जा रहा था। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, इस घटना में घायल 10 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है। राहत कार्य अब भी जारी है।

राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने कहा कि यह घटना सरोजनी नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर में शाम करीब पांच बजे घटी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के बचाव दल को राहत कार्य में लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।