ब्रज स्वच्छता महाअभियान में संत समाज की भागीदारी , श्रद्धालुओं को दिलाएंगे स्वच्छता का संकल्प

मथुरा । ब्रज को स्वच्छ, निर्मल और पवित्र बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान को अब संत समाज, गुरुजन और भागवताचार्यों का व्यापक सहयोग मिलने जा रहा है। ये सभी अपने प्रवचनों और सत्संगों के माध्यम से ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे और उन्हें स्वच्छता का संकल्प दिलाएंगे। ब्रज क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की जन्म एवं लीलास्थली है, जहां प्रतिवर्ष करीब 10 करोड़ श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मथुरा, वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, राधाकुंड सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों पर स्थित आश्रमों में श्रद्धालु सत्संग, भागवत कथा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। इसी प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संत समाज को स्वच्छता अभियान से जोड़ा जा रहा है।

संत, महंत और भागवताचार्य अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को यह संदेश देंगे कि वे ब्रज में कूड़ा न फैलाएं, एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करें तथा यमुना तट, कुंड, घाट, परिक्रमा मार्ग और अन्य धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें। श्रद्धालुओं को यह भी बताया जाएगा कि ब्रज की स्वच्छता केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आस्था और भगवान श्रीकृष्ण की सेवा का हिस्सा है। यह अभियान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना और ब्रज की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखना है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने कहा कि ब्रज की पहचान केवल मंदिरों और परिक्रमा मार्गों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी आध्यात्मिक पवित्रता और सांस्कृतिक चेतना में निहित है। ब्रज को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक श्रद्धालु स्वच्छता का संकल्प लेकर ब्रज आए और उसका पालन करे, तो यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा।