वृंदावन में सनसनी: नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
मुखबिर की सूचना पर सुबह-सुबह हुई कार्रवाई, साथी की तलाश जारी

मथुरा । थाना वृंदावन पुलिस ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब 08:20 बजे सीएफसी चौराहे के पास कच्ची रेलवे लाइन स्थित पानी की टंकी के पास से आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सोहित पुत्र कोकन उर्फ भूरी सिंह, निवासी नंद महल पत्थरपुरा, वृंदावन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 26 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना वृंदावन में मुकदमा संख्या 375/2026 धारा 64(1), 123/351(3) बीएनएस एवं 66ई आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में आरोपी के एक अज्ञात साथी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसने पीड़िता को डराकर होटल ले जाकर अश्लील वीडियो बनाने में सहयोग किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश तेज कर दी गई है। इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, निरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवेन्द्र कुमार एवं अरविन्द कुमार की अहम भूमिका रही।