मथुरा। गोवर्धन में चल रहे अधिकमास मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर जाली नोट खपाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के एक शातिर सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब ढाई हजार रुपये के नकली नोट के अलावा 5,610 नकद भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोवर्धन प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर एवं उपनिरीक्षक मोहनलाल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिछुआ कुण्ड के पास नये टिर्री परिक्रमा मार्ग से सौरभ पुत्र चन्द्रपाल सिंह निवासी ग्राम नंगला हीरा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान सौरभ ने जाली नोटों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना अलीगढ़ के हरदुआगंज निवासी मुकेश है, जो नकली नोटों की गड्डियां तैयार करता है। मुकेश यह नोट अपने जीजा अजीत को देता है, जहां से यह खेप योगेश नामक बिचैलिए के पास पहुंचती है। गिरोह असली 10 हजार रुपये के बदले 20 हजार रुपये के नकली नोट देता था। सौरभ ने बताया कि उसने योगेश से 2500 रुपये असली देकर 5000 रुपये के नकली नोट लिए थे। इनमें से कुछ नोट वह स्थानीय दुकानदारों और ठेल-ढकेल वालों के पास चला चुका था, जबकि बाकी नोटों को वह मेले की भीड़ में खपाने की फिराक में था।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। मुख्य सप्लायर मुकेश, अजीत और योगेश की गिरफ्तारी के लिए अलीगढ़ में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर जाली नोट छापने वाले मुख्य अड्डे तक पहुंचने की कार्रवाई जारी है। साथ ही इस गैंग के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.