अवैध खनन मामले में बरसाना थाने में हंगामा करने वाला सूरजपाल गिरफ्तार

मथुरा। थाना बरसाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 195/2026 में नामजद अभियुक्त सूरजपाल पुत्र सुघड़ सिंह निवासी ग्राम कमई थाना बरसाना को शनिवार को ग्राम कमई से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पूर्व में मिली सूचना के आधार पर कमई और करहला के बीच गौशाला के पास अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोक लिया तथा खनन अधिकारी को सूचित किया। मौके पर पहुंचे खनन अधिकारी द्वारा सभी वाहनों को नियम अनुसार सीज किया गया।
इसी दौरान अभियुक्त सूरजपाल अपने साथी लखन सिंह के साथ मौके पर पहुंचा और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकते हुए पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने लगा। पुलिस द्वारा समझाने पर भी दोनों नहीं माने और अन्य लोगों को बुलाकर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान उपनिरीक्षक मदन सिंह को धक्का देकर गिरा दिया गया तथा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना बरसाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को पुलिस ने मुख्य अभियुक्त सूरजपाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार, उपनिरीक्षक दीपक कुमार व कांस्टेबल मोहित कुमार शामिल रहे।