अब मेरो मथुरा एप से मिलेंगी नगर निगम की अनेक सुविधाएं, श्रद्धालु भी कर सकेंगे मंदिरों की जानकारी

- सांसद हेमा मालिनी ने मेरो मथुरा एप के साथ किया गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की 500 सोलर स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण

मथुरा। सांसद हेमामालिनी ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में 500 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का लोकार्पण किया। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और नगर निगम की इन दोनों परियोजनाओं को सीएसआर फंड के तहत एचडीएफसी बैंक द्वारा पूरा कराया गया है।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, सीईओ लक्ष्मी नागप्पन तथा एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड प्रवीण गुप्ता और आशीष श्रीवास्तव की उपस्थिति में रिमोट दबाकर सोलर स्ट्रीट लाइट एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने एचडीएफसी बैंक, नगर निगम और विकास प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मथुरा कोई साधारण स्थान नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि है। यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप स्थानीय नागरिकों को आवश्यक सुविधा देने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ऐप बनने के बाद नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब इसके माध्यम से न केवल शिकायतें आएंगी बल्कि जन्म मृत्यु, सम्पत्ति टेक्स, पंजीकरण जैसी विभिन्न आवश्यकताओं के लिए इसका उपयोग किया जाएगा। इसकी नियमित निगरानी नगर निगम द्वारा सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा इसके लिए किसी एक अधिकारी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ‘मेरो मथुरा’ ऐप को ‘मेरो ब्रज’ ऐप से भी जोड़ा जाए, जिसमें ब्रज क्षेत्र से जुड़े साहित्य, मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी उपलब्ध है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने एवं ‘मेरो मथुरा’ ऐप शुरू करने के लिए बैंक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में वृंदावन परिक्रमा मार्ग तथा जनपद के अन्य तीर्थ स्थलों के विकास में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।
नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने भी सीएसआर फंड के माध्यम से सहयोग देने के लिए बैंक अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने ‘मेरो मथुरा’ ऐप के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस दौरान गोवर्धन चेयरमैन प्रभादेवी शर्मा के प्रतिनिधि मनीष शर्मा, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, योगेंद्र राणा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद्र, विप्रा के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम, अमरदीप, एई वैशाली शर्मा, एचडीएफसी बैंक के जोनल हेड सीएसआर आशीष श्रीवास्तव, क्लस्टर हेड मथुरा गिरिराज अग्रवाल, ब्रांच मैनेजर जितेंद्र छाबड़ा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्यास नंदन शर्मा ने किया।